कानपुर में न्यूजीलैंड किक्रेट खिलाड़ियों का भगवा रंग के गमछे से स्वागत

Nov 23 2021

कानपुर में न्यूजीलैंड किक्रेट खिलाड़ियों का भगवा रंग के गमछे से स्वागत

इंडिया इमोशंस, लखनऊ/कानपुर। चकेरी एयरपोर्ट पर उतरे न्यूजीलैंड के किक्रेट खिलाड़ी सीधे होटल लैडमार्क टॉवर पहुंचे। होटल प्रबंधन ने खिलाड़ियों का स्वागत भगवे रंग गमछे से किया गया। विदेशी खिलाड़ियों का ही नही देश के खिलाड़ियों का भी स्वागत भगवे गमछे से किया गया। होटल में बैकग्राउंड में मंदिर के घंटे बज रहे थे और साथ ही 'राम राम ओ सीता राम' का भजन चल रहा है।

पिछली बार की तरह इस बार भी होटल प्रबंधन ने भगवा गमछा देकर खिलाड़ियों का स्वागत किया। ऐसा नजारा शहर में दूसरी बार देखने को मिला है। टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेलने के लिए टीम इंडिया और न्यूजीलैंड कानपुर पहुंची है।
मिली जानकारी के मुताबिक कोलकाता से विशेष विमान से चकेरी एयरपोर्ट पहुंचे खिलाड़ियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बस से होटल लैडमार्क के लिए रवाना किया गया। होटल में बनाए गए सेफ पैसेज से खिलाडियों ने होटल में प्रवेश किया।

होटल के गलियारे को मंदिर का लुक देने का प्रयास किया था। पूरे पैसेज को मंदिर के घंटों और भगवा रंग के फूलों से सजाया गया था। इस दौरान भारतीय परम्परा के अनुसार खिलाडियों की आरती उतार कर उनका स्वागत किया गया साथ ही बायो बबल के घेरे का भी धान रखा गया।

होटल के MD विकास मेहरोत्रा ने बताया कि, यह सब हमने प्रदेश के CM योगी आदित्‍यनाथ से सीखा है। इसी तरह से खिलाड़ियों का स्‍वागत करने से भारतीय संस्कृति अन्य देश के लोगों में फैलती है। इस बार खिलाड़ियों को सच्‍ची भारतीय परंपरा का एहसास दिलाना था, लेकिन कोरोना के चलते यह मुमकिन नहीं हो पाया। पिछली बार हम लोगों ने सभी खिलाडियों को कानपुर के बिठूर तीर्थ स्‍थान के इतिहास की किताब भी भेंट की थी।

अब देखना है कि भगवे रंग गमछों से खिलाड़ियों का जो स्वागत किया गया है, उस पर विपक्षी राजनीतिक दलों की टिप्पणियां क्या होंगी। क्योंकि पिछली बार जब न्यूजीलैंड की टीम कानपुर मैच खेलने आई थी, तब भी भगवे गमछे से स्वागत किया गया था। तब समाजवादी पार्टी ने जम कर विरोध किया था। इस बार यूपी में चुनावी दौर चल रहा है।