साल का आखिरी पुष्य नक्षत्र आज, 5 शुभ योग के साथ बना खरीददारी का महायोग

Nov 25 2021

साल का आखिरी पुष्य नक्षत्र आज, 5 शुभ योग के साथ बना खरीददारी का महायोग

25 नवंबर, गुरुवार को पुष्य नक्षत्र के साथ ही 5 शुभ योग बन रहे हैं, जो कि सूर्योदय से सूर्यास्त तक रहेंगे। इसलिए हर तरह की खरीददारी, निवेश, लेन-देन और नए कामों की शुरुआत के लिए पूरा दिन खास रहेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार ये इस साल का आखिरी गुरु पुष्य योग है। इसके बाद आठ महीने तक ऐसा संयोग नहीं बनेगा। अब अगले साल 28 जुलाई 2022 को ऐसा ही गुरु पुष्य संयोग बनेगा।
देव उठनी एकादशी के बाद से शादियों का दौर शुरू हो गया है। ऐसे में खरीददारी के लिए यह महायोग रहेगा। इस दिन कपड़े, ज्वैलरी और वाहन, जमीन-जायदाद की खरीददारी और नए घर के निर्माण तथा गृह प्रवेश भी इन मुहूर्त में शुभ फलदायी होते हैं।

गुरु पुष्य, सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग में खरीदी गई वस्तु, किया गया सौदा ज्यादा फायदेमंद होता है। साथ ही इसके स्थायित्व की संभावना भी ज्यादा रहती है।
25 नवंबर, गुरुवार को पुष्य नक्षत्र सुबह तकरीबन 6.50 से शाम करीब 6.50 तक रहेगा। सर्वार्थ सिद्धि और अमृत सिद्धि योग भी पुष्य नक्षत्र के साथ शुरू और खत्म होंगे। इस दिन अन्य ग्रहों और नक्षत्र से शुक्ल, शुभ और ब्रह्म नाम के योग भी बनेंगे। ये तीन शुभ योग सूर्योदय के साथ शुरू होकर शाम तकरीबन 6.58 तक रहेंगे। इस तरह 5 शुभ योगों से मिलकर खरीददारी का महा संयोग बन रहा है। इस महायोग में हर तरह की खरीददारी और नए कामों की शुरुआत के लिए पूरा दिन शुभ रहेगा। व्हीकल, कपड़े और ज्वैलरी की खरीददारी के साथ भूमि-भवन की रजिस्ट्री कराना, नए घर का निर्माण या गृह प्रवेश करना भी शुभ माना जाता है।