प्रियंका गांधी को ढाई घंटे बाद चार लोगों के साथ आगरा जाने की अनुमति दी गई

Oct 20 2021

प्रियंका गांधी को ढाई घंटे बाद चार लोगों के साथ आगरा जाने की अनुमति दी गई

india emotions, लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को आज फिर पुलिस ने आगरा जाने के दौरान हिरासत में लेकर पुलिस लाइन में करीब ढाई घंटे तक रखा। ढाई घंटे बाद चार लोगों के साथ आगरा जाने की अनुमति दी गई। दरअसल में आगरा में पुलिस की पिटाई से अरुण वाल्मीकि की मौत हो गई थी। कुछ दिन पहले थाने के मालखाने में हुई 25 लाख रुपये की चोरी के मामले शंका के आधार पर अरुण वाल्मीकी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पिटाई की थी। पिटाई से उसकी मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों से मिलने आज प्रियंका गांधी आगरा जा रही थी। लखनऊ आगरा हाइवे पर उन्हें पुलिस ने रोंक लिया और पुलिस लाइन लाकर ढाई घंटे तक बैठाये रखा और बाद में जाने की अनुमति दी।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर बताया, कि अरुण वाल्मीकि की मृत्यु पुलिस हिरासत में हुई। उनका परिवार न्याय मांग रहा है। मैं परिवार से मिलने जाना चाहती हूं। उत्तर प्रदेश सरकार को डर किस बात का है? क्यों मुझे रोका जा रहा है। प्रियंका ने कहा, कि आज भगवान वाल्मीकि जयंती है, पीएम ने महात्मा बुद्ध पर बड़ी बातें की, लेकिन उनके संदेशों पर हमला कर रहे हैं।

उन्होंने पूछा कि क्या आगरा में पुलिस हिरासत में मारे गए अरुण वाल्मीकि के लिए न्याय मांगना अपराध है? भाजपा सरकार की पुलिस मुझे आगरा जाने से क्यों रोक रही है। क्यों हर बार न्याय की आवाज को दबाने की कोशिश की जाती है? मैं पीछे नहीं हटूंगी।

प्रियंका ने कहा, कि किसी को पुलिस कस्टडी में पीट-पीटकर मार देना कहां का न्याय है ? आगरा पुलिस कस्टडी में अरुण वाल्मीकि की मौत की घटना निंदनीय है। भगवान वाल्मीकि जयंती के दिन उप्र सरकार ने उनके संदेशों के खिलाफ काम किया है। उच्चस्तरीय जांच व पुलिस वालों पर कार्रवाई हो व पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले।

गौरतलब हो बीते रविवार को जगदीशपुर थाने के मालखाने का प्रभारी
दीवान प्रताप भान सिंह मालखाने का दरवाजे खुले छोड़कर थाने से बाहर चाय पीने चले गये। इस दौरान किसने मालखाने में लूट चोरी के रखे गहने व नगदी चोरी कर लिये थे। दीवान लौट कर जब मालखाना पहुंचे,तो देखा अंदर रखी आलमारी व बक्से के ताले खुले हैं और उसमे रखे नगदी व गहने गायब हैं। दीवान ने इंस्पेक्टर को बताया कि मालखाने से नगदी और गहने समेत करीब 25 लाख रुपयों की चोरी हो गई है।

थाने में चोरी होने से हड़कंप मच गया था। इंस्पेक्टर ने थाने के सभी पुलिस कर्मियों से पूछताछ की मगर हल नही निकला। इंस्पेक्टर ने शाम को अपने आलाधिकारियों को चोरी होने की बात बताई। इतनी बड़ी चोरी थाने में होने की जानकारी पाते ही आनन-फानन एसएसपी आगरा मुनिराज, एसपी सिटी विकास कुमार थाने पहुंचे और पूंछतांछ की।एडीजी राजीव कृष्ण ने इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, दीवान व तीन कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया। थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरी करने वालों की पहचान की जा रही है।