अफगानिस्तान: राजधानी काबुल में जोरदार धमाका, तालिबान प्रशासन ने मृतकों की संख्या बताने से किया इनकार

Oct 20 2021

अफगानिस्तान: राजधानी काबुल में जोरदार धमाका, तालिबान प्रशासन ने मृतकों की संख्या बताने से किया इनकार
Demo Pic

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल स्थित देहमाजांग चौक के पास आज सुबह एक जोरदार धमाका हुआ। इस घटना में कितने लोग हताहत हुए हैं इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वहीं तालिबान प्रशासन ने भी मृतकों की संख्या बताने से फिलहाल इनकार कर दिया है। समाचार पत्र सिन्हुआ के अनुसार एक स्थानीय निवासी ने जानकारी देते हुए कहा कि  देहमाजांग इलाके में सुबह 7.50 बजे एक जोरदार धमाका सुनाई दिया और इस आवाज से लोगों में दहशत फैल गई। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि यह कार बम विस्फोट हो सकती है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार तालिबान सुरक्षा बल के वाहन इलाके की ओर दौड़ रहे थे।

तालिबान बलों को पहले ही सतर्क किया गया था
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि तालिबान बलों को संभावित हमले के बारे में पहले ही सतर्क कर दिया गया था, क्योंकि उन्होंने मंगलवार को काबुल शहर में कई चौकियों की स्थापना की और शहर में अलग-अलग स्थानों पर मुख्य सड़कों से गुजरने वाले हर वाहन की जांच की थी। हालांकि तालिबान प्रशासन ने इस घटना पर किसी भी तरह की जानकारी देने  से इनकार कर दिया है।